पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर नीट पेपर में हुई धांधली और नर्सिंग घोटाले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आए। जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता टाउन हॉल में एकत्रित हुए जहां से उन्होंने रैली निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट घेरने जा रहे थे। वे घंटाघर पहुंचे ही थे कि पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। इससे कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने बैरिकेड लांघकर अंदर जाने की कोशिश की पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पहले तो हल्का बल प्रयोग किया लेकिन फिर भी जब कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं माने तो भीड़ को तितर बितर करने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान मौके पर भगदड़ के हालात बन गए पुलिस ने दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के चलते हल्का बल प्रयोग वाटर कैनन का इस्तेमाल और गिरफ्तारी की गई।
इधर कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की उन्होंने कहा कि नीट का पेपर लीक होने से करोड़ों छात्र-छात्राओं का भविष्य बर्बाद हो गया है। वहीं नर्सिंग घोटाले ने भी छात्र-छात्राओं के भविष्य को तबाह कर दिया है। इसका विरोध करने पर उन पर बल प्रयोग किया गया। पुलिस और सरकार चाहे कितना भी बल प्रयोग क्यों ना कर ले उन्हें फांसी पर ही क्यों ना लटका दिया जाए लेकिन वे इसका विरोध करते रहेंगे।
HIGHLIGHTS