पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर नगर निगम के सदन में आज आयोजित की गई बजट की बैठक में जबरदस्त हंगामा हुआ। पिछले 7 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह कचरा के ढेर लगे हुए हैं। इसे लेकर कांग्रेस पार्षदों ने सफाई व्यवस्था और जल प्लावन पर चर्चा की मांग की लेकिन महापौर और अध्यक्ष बजट पर चर्चा के लिए तैयार थे लेकिन विपक्ष इन दोनों ही मुद्दों को लेकर चर्चा पर अड़ा रहा। इसे लेकर सत्ता पक्ष विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई विपक्षी पार्षदों ने महापौर के पोस्टर सदन में लहराते हुए महापौर इस्तीफा दो के नारे लगाए जिसे लेकर काफी देर तक सदन में हंगामा होता रहा हंगामा के चलते नगर निगम के अध्यक्ष रिंकू विज ने सदन को स्थगित कर दिया। नगर निगम के अध्यक्ष रिंकू ब्रिज का कहना है कि कांग्रेस पार्षदों को शहर के हित में बजट पर सुझाव देने चाहिए। जल प्लावन और सफाई व्यवस्था पर बाद में चर्चा जरूर कराई जाएगी लेकिन कांग्रेस पार्षदों का बर्ताव अच्छा नहीं था।
इधर कांग्रेस पार्षद दल का कहना है कि एक सप्ताह से लोग परेशान हैं। शहर में जगह-जगह कचरा के ढेर लगे हुए हैं सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है लेकिन ना तो महापौर इस मामले में दखल दे रहे हैं और ना ही नगर निगम आयुक्त ने हड़ताल खत्म करने की कोशिश की जिससे साबित हो गया है कि नगर निगम का सत्ता पक्ष निकम्मा है।
इस पर महापौर जगत बहादुर सिंह अनु ने सफाई देते हुए कहा कि हड़ताल के चलते नगर निगम ने अपनी तरफ से सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारियों को लगा दिया है और ठेकेदार से बातचीत हो चुकी है। कल से उसने काम करना भी शुरू कर दिया है लेकिन फिर भी विपक्ष हंगामा कर रहा है। विपक्ष किसी मुद्दे पर चर्चा करना ही नहीं चाहता उसे सिर्फ हंगामा से मतलब है।
HIGHLIGHTS
नगर निगम के सदन में जबरजस्त हंगामा।
कांग्रेस पार्षदों ने लगाए महापौर इस्तीफा दो के नारे।
बजट बैठक में सत्ता और विपक्ष के बीच जमकर बहस।