पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर में सावन ने आते ही शहर को तरबतर कर दिया। बीते 24 घंटे में करीब पांच इंच बारिश हो चुकी है। रात भर बादल उमड़-घुमड़ कर बरसते रहे। रविवार की रात से बारिश का जो सिलसिला शुरू हुआ मंगलवार की दोपहर तक जारी रहा। जबलपुर सहित संभाग के कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, छिंदवाड़ा सहित अन्य जिलों में आगामी तीन-चार दिनों तक इसी तरह बारिश के आसार हैं, लगातार बारिश से नर्मदा नदी उफान पर है, नर्मदा के जलस्तर में बढ़ोतरी से घाटों पर दुकान लगाए लोगों में दहशत है। पानी बढ़ने के साथ ही दुकानदार दुकान व तख्त लेकर ऊपर की ओर जा रहे हैं। ग्वारीघाट में जहां नाग मंदिर के ऊपर तक पानी आ गया है वहीं भेड़ाघाट में पानी के वेग से धुंआधार मानो गायब हो गया है।
आषाढ़ में मानसून की बेरुखी से महज 11 इंच ही बारिश हुई पर सावन के पहले दिन जिस तरह से मानसून मेहरबान हुआ है, उसे देखते हुए कहा जा रहा है कि सावन के महीने में अच्छी बरसात होगी। 24 घंटे के दौरान पांच इंच बारिश के बाद मानसून सीजन अब तक 17 इंच बारिश दर्ज की चुकी है। वहीं गत वर्ष आज के दिन तक 20 इंच बारिश हो चुकी थी।
HIGHLIGHTS