सड़क पर धरने पर बैठे छात्र छात्राएं,लगा लंबा जाम,स्कूल जाने के लिए सड़क न होने से आक्रोश

By: PalPal India News
July 24, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,सतनासतना जिले के चित्रकूट विधानसभा और मझगवां जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पालदेव के विद्यार्थियों का गुस्सा बुधवार सुबह भड़क उठा और वे सड़क पर उतर आए। छात्र-छात्राओं ने चित्रकूट से गुप्त गोदावरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर धरना देकर आवागमन ठप कर दिया। हालात को देखते हुए एसडीएम-तहसीलदार और थानेदार मौके पर पहुंच गए। कभी सांसद आदर्श ग्राम का दर्जा हासिल कर चुके मझगवां जनपद पंचायत के ग्राम पालदेव के हाल-बेहाल हैं। इस गांव को पूर्व राज्यसभा सांसद प्रकाश जावड़ेकर ने गोद लिया था लेकिन आलम यह है कि यहां बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए रास्ता तक नहीं है। तमाम कोशिशों के बावजूद जब रास्ते का प्रबंध नहीं हुआ तो वर्षों से नेताओं-अफसरों की संजीदगी की राह देख रहे विद्यार्थियों के सब्र का बांध टूट गया और वे खुद मोर्चा खोल कर सड़क पर उतर आए। छात्र-छात्राएं सड़क पर बैठ गए और अपनी साइकिल भी स्टॉपर की शक्ल में खड़ी कर उन्होंने गुप्त गोदावरी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी।

सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार हिमांशु शुक्ला तथा थाना प्रभारी पंकज शुक्ला मौके पर पहुंचे और उन्होंने विद्यार्थियों को समझाइश देने का प्रयास किया। विद्यार्थियों ने मामला शांत कराने पहुंचे अफसरों से कहा कि स्कूल जाने का रास्ता आजतक नहीं बनाया जा सका। बारिश के दिनों में उन्हें कीचड़ से होकर जैसे तैसे स्कूल पहुंचना पड़ता है। कई बार ज्ञापन दिए, शिकायतें की लेकिन कुछ नहीं हुआ।

मझगवां के पूर्व एसडीएम पीएस त्रिपाठी ने भी उन्हें आश्वस्त किया था लेकिन आश्वासन देने के बाद महीनों वे यहीं पदस्थ रहे फिर रास्ता बनवाने में कोई रुचि नहीं ली गई। इतना ही नहीं सांसद-विधायक ने भी निरीक्षण किया था, समस्या सुनी थी लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। ऐसे में वे तब तक नहीं हटेंगे जब तक कि कोई निर्णय नहीं हो जाता। जानकारी मिलने पर एसडीएम जितेंद्र वर्मा भी वहां पहुंचे और उन्होंने मौका मुआयना कर स्कूल के स्टाफ से भी इस मसले पर जानकारी ली है।

HIGHLIGHTS

  • छात्र छात्राओं ने जाम किया गुप्त गोदावरी मार्ग
  • सड़क पर धरने पर बैठे छात्र छात्राएं,लगा लंबा जाम
  • मझगवां की ग्राम पंचायत पालदेव में स्कूल जाने के लिए सड़क न होने से आक्रोश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *