नाला उफान पर होने से कमर तक पानी में शव लेकर पहुंचे ग्रामीण,अंतिम संस्कार के लिए जान का जोखिम

By: PalPal India News
August 6, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,दमोह। दमोह जिले की बटियागढ़ जनपद के हरदुआ गांव में अंतिम संस्कार के लिए गांव के लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। सोमवार को कैंसर से पीड़ित गांव के खजुआ अहिरवार का निधन हो गया। अंतिम संस्कार के लिए गांव के लोग शव लेकर निकले, लेकिन रास्ते में एक नाला मिला, जो लगातार हो रही बारिश के कारण उफान पर था। शव का अंतिम संस्कार करना जरूरी था, इसलिए गांव के लोगों ने जोखिम उठाकर शव के साथ उफनते नाले को पार किया। शमशान यहां से और काफी दूर था इसलिए गांव के लोगों ने मृतक का खेत में ही अंतिम संस्कार कर दिया।

कमर तक पानी से होकर शव को बड़ी ही सावधानी से निकाला गया और उसके बाद बारी-बारी से पूरे गांव के लोग इसी उफनते नाले से होकर निकले। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के समय नाला उफान पर आ जाता है और आवागमन बंद हो जाता है। ऐसे में यदि कोई बीमार हो जाए या किसी की मृत्यु हो जाए तो उसे दूसरे पार ले जाना मुश्किल भरा होता है, लेकिन मजबूरी होती है और इसलिए हम जोखिम उठाते हैं। गांव लोगों ने मांग की है कि नाले पर रपटा पुल या स्टॉप डैम बनाया जाए ताकि लोगों को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

HIGHLIGHTS

  • अंतिम संस्कार के लिए जान का जोखिम।
  • दमोह के मगरोन का मामला आया सामने।
  • नाला उफान पर होने से कमर तक पानी में शव लेकर पहुंचे ग्रामीण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *