पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता प्रेमनाथ की यादों से जुड़े जबलपुर में स्थित एंपायर थिएटर को आज जिला प्रशासन ने यह कहते हुए जमींदोज कर दिया कि यह अब खतरनाक हो गई है। प्रशासन और नगर निगम की टीम ने जेसीबी के माध्यम से करीब दो घंटे में थिएटर को गिरा दिया, इस दौरान पुलिस के साथ-साथ सेना के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। कैंट बोर्ड की जमीन पर स्थित प्रेम नाथ के एंपायर थिएटर को आजादी से पहले 1918 में अंग्रेजों ने थिएटर बनवाया था, जिसे कि 1952 में प्रेमनाथ ने खरीदा था। यह वह एंपायर थिएटर है जहां पर कि राजकपूर भी अपने परिवार के साथ आकर कार्यक्रम देखा करते थे। समूचे महाकौशल का यह पहला थिएटर था, जिसमें कि लाइव प्रोग्राम होते थे। बाद में यहां पर फिल्म लगना शुरू हो गई। कई बार फिल्म अभिनेता प्रेमनाथ भी यहां आकर अपनी फेवरेट फिल्म देख चुके थे।
जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना के निर्देश और नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव की मौजूदगी में प्रशासन और नगर निगम की टीम ने यह कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन ने सर्वे करवाने के बाद सिविल लाइन स्थित एंपायर थिएटर को गिराया है। तीन जेसीबी मशीन कड़ी मशक्कत कर विशाल बिल्डिंग गिराने में जुटी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में वो लोग भी मौजूद थे जो कि कभी इस थिएटर में फिल्म देखने आते थे। बताया जाता है कि उस जमाने में युवाओं के लिए एक कुतूहल का विषय यह एंपायर थिएटर रहता था, इसीलिए भारतीय फ़िल्म जगत के मशहूर कलाकार प्रेमनाथ भी रीवा से जबलपुर एंपायर थिएटर में होने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए आते थे और वह इस थिएटर के दीवाने थे। भारत जब स्वतंत्र हुआ और अंग्रेज भारत से चले गए तब फिल्म कलाकार प्रेमनाथ ने इस पूरी संपत्ति को खरीद लिया और लंबे समय तक उन्होंने एंपायर थिएटर को जिंदा रखा, बाद में इसे टॉकीज बना दिया था।
नगर निगम अधिकारी सागर बोरकर ने बताया कि हाल ही में प्रदेश भर में जिस तरह से जर्जर भवन के गिरने से लोगों की जान गई है, उसको देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर जिले की कई बड़ी इमारतों को जर्जर घोषित किया गया है, उसी के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर एंपायर थिएटर है यह भीड़भाड़ वाला इलाका है। इसके साथ ही व्हीआईपी के सर्किट हाउस तक जाने के लिए एक मात्र रास्ता भी है। अतिक्रमण अधिकारी ने बताया कि शहर में 90 से अधिक भवनों को जर्जर के रूप में चिन्हित किया गया है, जिसे कि गिराए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
HIGHLIGHTS