पलपल इंडिया प्रतिनधि। भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को 3-1 से हरा टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरी सबसे बड़ी जीत हासिल की है भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के चौथे और आखिरी मुकाबले में 135 रनों से अपने नाम करने के साथ सीरीज को 3-1 से जीत लिया है। टीम इंडिया की तरफ से इस आखिरी मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में एकतरफा प्रदर्शन देखने को मिला।
जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले गए इस टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, जिसमें संजू सैमसन और तिलक वर्मा के बल्ले से बेहतरीन नाबाद शतकीय पारी देखने को मिली और टीम इंडिया 20 ओवर्स में एक विकेट के नुकसान पर 283 रन बनाने में कामयाब रहे। वहीं अफ्रीकी टीम टारगेट का पीछा करते हुए 18.2 ओवर्स में 148 रन बनाकर सिमट गई। गेंदबाजी में भारतीय टीम के लिए अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए।
इस टी20 सीरीज में टीम इंडिया की तरफ से बल्लेबाजी में जहां संजू सैमसन और तिलक वर्मा का कमाल देखने को मिला तो वहीं गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती अपना प्रभाव दिखाने में कामयाब रहे। तिलक के बल्ले से इस सीरीज में चार पारियों में 140 के औसत से 280 रन देखने को मिले तो वहीं संजू भी 72 के औसत से 216 रन इस सीरीज में बनाने में कामयाब रहे। इसके अलावा गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने चार मैचों में 11.50 के औसत से कुल 12 विकेट अपने नाम किए जबकि अर्शदीप सिंह भी 8 विकेट लेने में कामयाब रहे।