पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। सिहोरा के सैय्यद बाबा टोरिया वार्ड क्रमांक चार में रहने वाली महिला की हत्या कर दी गई। आरोपी ने शनिवार शाम वारदात को अंजाम दिया। जिसके बाद घर की कुंडी को बाहर से लगाया और भाग गया। देर रात उसका खून से सना शव पड़ोसियों ने देखा, तो पुलिस को सूचना दी। महिला के गले से सोने की चैन और कान की बाली गायब है। ऐसा अंदेशा है कि लूट के इरादे से महिला की हत्या की गई। मामले में पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है। सिहोरा पुलिस ने बताया कि सैय्यद बाबा की टोरिया निवासी चंदा श्रीवास्तव के पति की मौत हो चुकी है। उनकी बेटी का विवाह दिल्ली में हुआ था।
वर्तमान में बेटी सतना में रह रही है। यहां चंदा अकेले रहती थी। शनिवार शाम लगभग साढ़े तीन बजे पड़ोसियों ने उन्हें देखा। इसके बाद वे नजर नहीं आई। उनके घर की कुंडी बाहर से लगी थी। देर रात जब पड़ाेसियो ने कुंडी खोली, तो देखा कि चंदा का शव जमीन पर पड़ा था। सिर से खून की धार बह रही थी। तत्काल मामले की सूचना सिहोरा पुलिस को दी गई। पुलिस ने रविवार को शव का पीएम कराया। पीएम में पता चला कि सिर पर भारी वस्तु के वार के कारण उनकी मौत हुई। पुलिस ने मौके से एक रजिस्टर व चंदा का फोन जब्त किया। रजिस्टर में रुपयों के लेनदेन का लेखाजोखा है। वहीं उनके मोबाइल की जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि आखिरी बार उनकी किससे बातचीत हुई।
HIGHLIGHTS