पलपल इंडिया प्रतिनिधि,सतना। चित्रकूट में ट्रैफिक पुलिस की कार्य शैली पर सवाल उठने लगे हैं। सोनेपुर के नो एंट्री प्वाइंट पर एक ट्रक ड्राइवर को एंट्री न देने पर ट्रैफिक पुलिस के सिपाही शिवनारायण ने जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रक ड्राइवर को एंट्री शुल्क न देने पर सिपाही शिवनारायण ने डंडों से उसकी पिटाई की। घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक ड्राइवर ने नो एंट्री के नियमों का उल्लंघन किया और सिपाही ने उसे पकड़ने के बाद मारपीट की। ट्रक चालक के खिलाफ भी सरकारी काम में बाधा डालने और सिपाही पर ट्रक चढ़ाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।