पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। एमपी के सीएम मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का निधन हो गया. एक सप्ताह से बीमार चल रहे थे सीएम मोहन यादव के पिता , जिसके चलते उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन कल पूनमचंद यादव ने अंतिम सांस ली, वे 100 वर्ष के थे. एक दिन पहले उज्जैन आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व उनके बेटे महा आर्यमन सिंधिया ने अस्पताल जाकर उनका हाल-चाल जाना था. रविवार को सीएम भी अपने पिता के पास पहुंचे थे.
समाज के लोग बताते है कि पूनमचंद यादव ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया. उन्होंने बेटे नंदू, नारायण, मोहन यादव व बेटी कलावती, शांति देवी को अच्छी शिक्षा दिलाई. संघर्ष के दिनों में उनके पिता रतलाम से उज्जैन आ गए और सबसे पहले हीरा मिल में नौकरी की. इसके बाद शहर के मालीपुरा में भजिया और फ्रीगंज में दाल-बाफले की दुकान लगाई. 100 वर्ष की उम्र होने के बाद भी वे उपज बेचने स्वयं मंडी जाते थे. पिता के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव स्टेट हैंगर भोपाल से रवाना हो गए हैं.
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा कि सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है. पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव आपके साथ है. वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पूज्य पिताजी पूनमचंद यादव के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है. पिता का साया सिर से उठना एक पुत्र पर उसके जीवन का सबसे बड़ा वज्रपात होता है. इस खालीपन को कभी भरा नहीं जा सकता.
बीते सोमवार को ही उज्जैन पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके बेटे ने आर्यमन सिंधिया ने अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना था। रविवार को सीएम मोहन यादव भी पिता से मिलने पहुंचे थे।
कांग्रेस नेताओं ने भी जताया शोक
एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सीएम मोहन यादव के पिता के निधन पर शोक जताते हुए एक्स पर ट्वीट किया है।