चना पुलाव का मंगवाया, आ गया चिकन पुलाव, शुद्ध शाकाहारी का दावा करने वाले होटल संचालक की करतूत

By: PalPal India News
September 13, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर के राइट टाउन में रहने वाले युवक ने भूख लगने पर रसल चौक स्थित एक रेस्टोरेंट से चना पुलाव मंगवाया। लेकिन, बदले में उसे दुकानदार ने चिकन पुलाव थमा दिया। आकाश कांत दुबे नाम के युवक को जब शक हुआ तो उसने खुद भी जांच की, और दोस्तों को बताया जिस पर पता चला कि इसमें चना की जगह चिकन आ गया है।

नाराज युवक ने ओमती थाना पुलिस और फूड विभाग से शिकायत की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि रेस्टोरेंट संचालक ने जानबूझकर ये गलती की है, जिसके चलते उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता आकाश कांत दुबे का कहना है कि इससे पहले भी उसने जबलपुर रेस्टोरेंट से कई बार चना पुलाव ऑर्डर किए थे, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि चना पुलाव में चिकन आया हो।

राइट टाउन में स्थित एक कैफे हाउस में काम करने वाले आकाश कांत दुबे ने अपने साथी शुभम को 30 रुपए देते हुए रसल चौक स्थित जबलपुर रेस्टोरेंट भेजा और चना पुलाव लाने को कहा। थोड़ी देर में शुभम चना पुलाव लेकर आता है। जैसे ही आकाश कांत चना पुलाव खाने के लिए प्लेट में रखता है तो उसे कुछ टुकड़े दिखाई दिए। आकाश का कहना है कि ये चिकन के टुकड़े है। इसके बाद वह एक नॉनवेज होटल जाता है, जहां चना पुलाव में रखे टुकड़े चेक करवाता है।

आकाश ने बताया कि नॉनवेज होटल वालों का कहना है कि ये चिकन के टुकड़े हैं। जहां पर मैं खाना खा रहा था, वहां पर भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, चाहे तो पुलिस भी इसकी जांच कर सकती है। ओमती थाना आने से पहले उसने एक रेस्टोरेंट में भी चना पुलाव चेक करवाया था, वहां भी बताया गया कि इसमें चिकन है। शिकायतकर्ता आकाश कांत दुबे चना पुलाव लेकर ओमती थाने पहुंचा। जहां उन्होंने पुलिस को लिखित में आवेदन देकर जांच करवाने की मांग की है। उसका कहना है कि इस मामले पर कार्रवाई की जाए। वहीं, पुलिस का कहना था कि मामला फूड विभाग और उपभोक्ता फोरम से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस केस को लेकर वहां पर संपर्क किया जाए।

HIGHLIGHTS

  • चना पुलाव का मंगवाया, आ गया चिकन पुलाव
  • थाने पहुंचे युवक ने कहा- जानबूझकर ये गलती की
  • शुद्ध शाकाहारी का दावा करने वाले होटल संचालक की करतूत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *