पलपल इंडिया प्रतिनिधि,सतना। सतना शहर के एक नर्सिंग होम में घुस कर दो युवकों ने उत्पात मचाया। उन्होंने एक युवक की बेल्ट से बेदम पिटाई की। मामला सोमवार 9 सिंतबर का है, जिसका सीसीटीवी आज सामने आया है। जानकारी के मुताबिक नाहर नर्सिंग होम में घुस कर दो युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने वहां किसी मेडिकल स्टाफ या मरीज के साथ तो कुछ नहीं किया लेकिन एक युवक की बेल्ट से जमकर पिटाई की। इससे हर कोई दहशत में आ गया और बचने की कोशिश करने लगा।
घटना का फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान निहाल सिंह, निवासी भरहुत नगर और
निखिल सिंह चौहान, निवासी बम्हनगवां के रूप में हुई है जबकि बेल्ट से मारा जा रहा युवक सूरज शर्मा है। सूरज ई-रिक्शा चलाता है।
जानकारी में सामने आया कि यह विवाद सड़क पर साइड न देने को लेकर हुआ। सड़क पर ट्रैफिक के कारण युवकों को ई-रिक्शा से साइड नहीं मिली तो उन्होंने पहले सूरज को सड़क पर ही थप्पड़ जड़े और फिर जब वह बचने के लिए नर्सिंग होम के अंदर घुसा तो युवक वहां भी जा पहुंचे। निखिल और निहाल ने उसे लात घूंसे तो मारे ही बेल्ट से भी बुरी तरह पीटा।
इतना ही नहीं वे उसे बाल पकड़ कर खींचते हुए बाहर भी ले गए। उस वक्त वहां मौजूद तो तमाम लोग थे लेकिन बेखौफ गुंडागर्दी देख कर कोई भी आगे बढ़ने-बीच बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। घायल ई रिक्शा चालक ने घटना की शिकायत पुलिस से की। कोलगवां थाना पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
HIGHLIGHTS