पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान छात्राओं से छेड़खानी पर छात्रों के दो गुट भिड़ गए। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्विद्यालय के छात्रों के गुट एक-दूसरे पर टूट पड़े। बीच रोड पर पथराव तक हुआ। 15 मिनट से ज्यादा अफरा-तफरी के हालात रहे। अधारताल थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा, तब जाकर हालात पर काबू पाया जा सका।
विश्विद्यालय के हॉस्टल में रहने वाले कुछ छात्रों ने छात्राओं से छेड़खानी की थी। घटना से नाराज दूसरे गुट के छात्र-छात्राएं अधारताल थाने में जमा हो गए। हॉस्टल के छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर 1 घंटे तक धरने पर बैठे रहे। मारपीट और पथराव में कुछ छात्रों को चोट भी आई है। जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुछ छात्र-छात्राओं ने गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। आज अनंत चतुर्दशी के दिन प्रतिमा को विसर्जन करने के लिए अधारताल तालाब की ओर ले जा रहे थे। शाम 5.30 बजे रास्ते में हॉस्टल के कुछ छात्रों ने जुलूस में शामिल छात्राओं के साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
यूनिवसिर्टी के छात्र ने बताया कि जब गणेश प्रतिमा हॉस्टल के गेट के सामने आई, तब हॉस्टल के कई सारे छात्र लड़कियों के बीच आ गए। डीजे पर नाचने के बहाने छात्राओं से अभद्रता शुरू कर दी। बैड टच करते हुए कमेंट पास किए। हमारे विरोध करने पर उन्होंने लाठी, डंडे चलाए और पथराव किया। हॉस्टल के छात्र इससे पहले भी कई बार छात्राओं से बदतमीजी कर चुके हैं। इसकी शिकायत कॉलेज डीन से भी पहले की जा चुकी है। एक छात्रा ने बताया कि हॉस्टल के छात्रों ने हैरेस किया है। अधारताल थाने में इसकी शिकायत की है। अधारताल थाना प्रभारी राजकुमार खटीक का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है।
HIGHLIGHTS