आतिशी 21 सितंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी, एलजी वीके सक्सेना ही आतिशी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे

By: PalPal India News
September 18, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। आतिशी 21 सितंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सरकार बनाने के लिए 21 सितम्बर को  आतिशी को आमंत्रित किया है। एलजी वीके सक्सेना ही आतिशी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इसके साथ आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इस दौरान अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी के कई नेता भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इतना ही नहीं वह आम आदमी पार्टी की भी पहली महिला नेता हैं जिन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।

इससे पहले आतिशी ने मंगलवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद एलजी वीके सक्सेना ने आतिशी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। माना जा रहा है कि केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे नेताओं को फिर से मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा दो नए विधायकों को भी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। इनमें से एक दलित समुदाय से होगा।

मंगलवार को केजरीवाल ने दिया था इस्तीफा

इससे पहले मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के एलजी से मिलकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री आवास पर आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें आतिशी मार्लेना का नाम केजरीवाल की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया गया था। इसके बाद सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री पद के लिए विधायकों ने आतिशी के नाम पर मुहर लगाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *