तोते की गर्दन से निकला 20 ग्राम का ट्यूमर, दो घंटे चला ऑपरेशन, जाने कैसे बचाई डॉक्टरों ने तोते की जान

By: PalPal India News
September 19, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,सतना। सतना में डॉक्टरों ने एक तोते के ट्यूमर की सफलतापूर्वक सर्जरी की और उसकी जान बचाई। डॉक्टरों के मुताबिक क्षेत्र में किसी पक्षी की सफल सर्जरी का यह संभवतः पहला और अनोखा मामला है। पशु चिकित्सालय में 20 साल के बेटू नाम के एक तोते की मंगलवार शाम को सर्जरी की गई। तोते का वजन 98 ग्राम है। पशु चिकित्सक डॉ बृहस्पति भारती और डॉ बालेन्द्र सिंह ने अपनी टीम के साथ उसके गले से 20 ग्राम का ट्यूमर निकाला है।

जानकारी के मुताबिक मुख्त्यारगंज निवासी चंद्रभान विश्वकर्मा पहले एक तोता घर लाए थे। उन्होंने उसे बेटू नाम दिया और अपने परिवार के सदस्य की तरह उसका पालन-पोषण किया। पिछले 6 महीने से बेटू की तबीयत नासाज सी रहने लगी। उसने बोलना और खाना-पीना भी कम कर दिया। इसके बाद चंद्रभान उसे वेटनरी हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि बेटू के गले में ट्यूमर है। ट्यूमर गर्दन से दाहिनी आंख की ओर बढ़ रहा था। डॉक्टरों ने सलाह दी कि ट्यूमर को निकालने के लिए सर्जरी करनी पड़ेगी। चंद्रभान इसके लिए तैयार हो गए।

बेटू को बाकायदा पशु चिकित्सालय में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की टीम ने सर्जरी शुरू की। लगभग 2 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद बेटू की गर्दन से 20 ग्राम का ट्यूमर निकाला गया। उसे जरूरी दवाएं दी गईं और चंद्रभान को बताया गया कि उसकी देखरेख कैसे करनी है। ट्यूमर को आगे की जांच के लिए पशु चिकित्सालय रीवा भेज दिया गया है। पशु चिकित्सक डॉ बालेंद्र सिंह ने बताया कि ऑपरेशन के बाद तोता पूरी तरह से स्वस्थ है। वह अब खाना भी खाने लगा है।

HIGHLIGHTS

  • तोते की सर्जरी,20 ग्राम का ट्यूमर निकाला
  • सतना में दो घंटे चला ऑपरेशन
  • 6 महीने से खाने और बोलने में थी तकलीफ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *