ग्वालियर में कोर्ट की चौथी मंजिल पर चढ़ी महिला, बोली- पति के साथ भेज दो, नहीं तो कूद जाऊंगी

By: PalPal India News
September 26, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। ग्वालियर में बुधवार शाम एक महिला जिला एवं सत्र न्यायालय की चौथी मंजिल की बालकनी पर चढ़ गई। वह दोनों पैर नीचे लटकाकर कूदने की धमकी देने लगी। उसका कहना था कि उसे पति के साथ जाना है। लेकिन, पति ले जाना नहीं चाहते हैं। यह देख वकील और महिला के परिजन उसे बचाने दौड़े, और किसी तरह उसे रोका। कोर्ट परिसर में हंगामा पर पुलिस को सूचना दी गई। महिला को विश्वविद्यालय थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां से समझाइश के बाद उसे परिजन के साथ भेज दिया।

ग्वालियर के कलेक्ट्रेट रोड जिला एवं सत्र न्यायालय में ग्वालियर शहर निवासी 25 वर्षीय महिला के केस की सुनवाई थी। महिला ने कुछ समय पहले अपने पति सोनू सोनी के खिलाफ पड़ाव स्थित महिला थाना में शिकायत की थी। जिसके बाद से वह अलग रह रहे थे। सुनवाई के दौरान महिला के परिवार के अलावा उसके पति सोनू व उनका परिवार आया था।

महिला का कहना था कि उसे उसके पति के साथ भेज दिया जाए, जबकि पति ने उसे ले जाने से इनकार कर दिया था। पति का कहना था कि उसकी पत्नी किसी अन्य के साथ रह रही है। ऐसे में अब वह उसे कैसे ले जा सकता है। इतना सुनते ही महिला जिला न्यायालय की चौथी मंजिल की बालकनी से कूदने के लिए चढ़ गई, और जोर जोर से चिल्लाने लगी जिस समय महिला ने पति से नाराज होकर चौथी मंजिल की बालकनी से कूदने का प्रयास किया तो वहां कई लोग मौजूद थे और भीड़ लग गई। कई लोगों ने उसे बचाने के बदले मोबाइल निकालकर वीडियो शूट करना शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट तक यह हंगामा चला और उसके बाद यह वीडियो वायरल हो गए।

HIGHLIGHTS

  • ग्वालियर में कोर्ट की चौथी मंजिल पर चढ़ी महिला।
  • बोली- पति के साथ भेज दो, नहीं तो कूद जाऊंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *