पलपल इंडिया प्रतिनिधि,उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में लिया गया एक अहम फैसला जिसमें लड्डू प्रसाद के पैकेट से मंदिर का शिखर, भगवान की फोटो, महाकाल, मंदिर की फोटो हटाने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में ये बैठक हुई जिसमें चांदी द्वार के भव्य निर्माण, नई गोशाला और भगवान महाकाल की विजयादशमी सवारी की योजना पर चर्चा की गई।
आपको बता दे लड्डू प्रसाद के पैकेट पर महाकाल और मंदिर का फोटो लगाये जाने पर कई श्रद्धालुओं ने आपत्ति उठाई थी। श्रद्धालुओं ने कहा था ये पैकेट फेंक दिए जाते हैं। जिससे धार्मिक भावना को चोट पहुंचती है। विधायक महेश परमार ने इसे लेकर विधानसभा में प्रश्न भी लगाया था। उसके बाद मंदिर प्रबंध समिति ने इसे हटाने का निर्णय लिया।
पुजारी प्रदीप गुरु ने चांदी द्वार को भव्य रूप से बनाने का प्रस्ताव रखा था। सदस्यों ने इसे स्वीकृति प्रदान करते हुए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए है। मंदिर की व्यवस्थाओं के प्रारूप, सुचारू संचालन की विशेष योजना बनाई गई है। बताया ये भी जा रहा है की विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हो चुके वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कर्मचारी काम करेंगे। इसके लिए सुरक्षा, वित्त, यांत्रिकी आदि विभाग बनाए जाएंगे।
बैठक में कई मुख्य निर्णय लिए गए जिनमें ग्राम बामौरा स्थित मंदिर समिति की 11 हेक्टेयर भूमि पर नई गोशाला बनाने, लड्डू प्रसाद के पैकेट से महाकालेश्वर मंदिर के शिखर का फोटो हटाने, भू-अर्जन संबंधी आपत्तियों का शीघ्र निराकरण करने और 12 अक्टूबर को विजयादशमी पर भगवान महाकाल की सवारी को परंपरा अनुसार राजसी वैभव से निकालने का निर्णय लिया गया।