पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भारत के विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर पाकिस्तान पहुंचें है। डॉ एस जयशंकर एससीओ के शासनाध्यक्षों की परिषद की 23वीं बैठक में शामिल होने के लिए पाकिस्तान गए हैं। भारत के विदेश मंत्री 9 साल में पहली बार शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में शामिल होने के लिए पाकिस्तान पहुंचे हैं। इसके पहले पाकिस्तान की यात्रा करने वाली भारत की आखिरी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज थीं। भारतीय विदेश मंत्री का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि किसी भी पड़ोसी देश की तरह भारत पाकिस्तान के साथ बेहतर संबंध चाहता है लेकिन, यह सब सीमापार आतंकवाद को नजरअंदाज करके नहीं हो सकता।
जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ डिनर का आयोजन करेंगे और इसके साथ ही एससीओ समिट की शुरुआत होगी। पिछले कई वर्षों से दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में जारी तनाव के बीच भारत की ओर से पाकिस्तान की यह पहली उच्च स्तरीय यात्रा है।
सुरक्षा के किये पुख्ता इंतजाम
पाकिस्तान ने एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अगस्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योता दिया था। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एससीओ समिट को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा कर्मियों को होटलों और उन स्थानों पर तैनात किया गया है जहां विदेशी प्रतिनिधिमंडल ठहरे हुए हैं। पाकिस्तानी सेना, खुफिया एजेंसियां, फ्रंटियर कोर (एफसी) एवं रेंजर्स के कर्मियों को भी तैनात किया गया है।