पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बहराइच में रविवार को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद से इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी जिसे आज से चालू कर दिया गया। इंटरनेट सेवा चालू होने से लोगों को काफी राहत मिली है। आपको बता दे पिछले चार दिनों से यहां पर इंटरनेट सेवाएं बंद थीं। पुलिस ने बहराइच सांप्रदायिक हिंसा को लेकर गलत सूचना, या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है।
रविवार को बहराइच में दुर्गा पूजा के मौके पर मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान सांप्रदायिक हिंसा भड़कने पर गोली लगने से 22 वर्षीय युवक राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई थी और पथराव तथा गोलीबारी में करीब छह लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद तोड़फोड़ और आगजनी की गई। भीड़ ने घरों, दुकानों, शोरूम, अस्पतालों, वाहनों आदि में आग लगा दी जिसके बाद बहराइच पुलिस ने कई अज्ञात और कुछ नामजद लोगों के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज कीं। पुलिस ने इलाके में छापेमारी कर अब तक 55 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
गुरुवार की सुबह इंटरनेट सेवा चालू करने के साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी ने एक वीडियो संदेश और लिखित अपील जारी करते हुए कहा, ‘‘महाराजगंज में 13 अक्टूबर को हुई घटना के संबंध में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए सोशल मीडिया पर गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। मृतक को करंट लगने, तलवार से हमला करने या नाखून उखाड़ने के दावे निराधार हैं।’’ त्रिपाठी ने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि मौत का कारण गोली लगना है। इस घटना में और किसी की मौत नहीं हुई है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि अफवाहों पर ध्यान न दें और गलत सूचना न फैलाएं।’’ गलत सूचना प्रसारित करने वालों पर उचित कार्यवाही की जाएगी।