थाने में से पार हुआ पुलिस का चीता मोटर साइकिल, सीसीटीवी वीडियो से हुई आरोपी की पहचान,तलाश जारी

By: PalPal India News
October 28, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वह पुलिस थाने से ही पुलिस का चीता मोटरसाइकिल वाहन चोरी करके ले जा रहे हैं। इससे भी बड़ी हैरानी की बात यह है कि पुलिस अपने ही मामले में एफआईआर दर्ज करने में 10 दिन का वक्त लगा देती है।

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर चौकी से पुलिस का चीता वाहन चोरी हो गया, हैरानी की बात यह है कि इस मामले में पुलिस ने अपने ही विभाग के वाहन चोरी की FIR करने में हफ्ते भर से ज्यादा का वक्त लगा दिया। जानकारी के मुताबिक धनवंतरी नगर पुलिस चौकी के बाहर 15 अक्टूबर को पुलिस की चीता मोबाइल बाइक थाने के बाहर खड़ी थी। तभी एक युवक वहां पहुंच जिसने चौकी के पुलिस कर्मी से बातचीत की और कुछ देर बाद वह मौका पाकर चीता बाइक लेकर चला गया। कुछ देर बाद जब पुलिस कर्मियों ने चौकी के बाहर खड़े वाहनों पर गौर किया तो उन्हें चीता बाइक नहीं दिखाई दी जिसके बाद बाकी स्टाफ से पूछताछ की गई। लेकिन किसी ने भी बाइक न ले जाने की जानकारी दी, इसके बाद धनवंतरी नगर क्षेत्र में बाइक की तलाश की गई, जब बाइक नहीं मिली तो चौकी में लगे सीसीटीवी की जांच की गई।

पुलिस चौकी स्टाफ ने जब क्षेत्र के सीसीटीवी की जांच की तो उसमें युवक बाइक ले जाता हुआ दिखाई दिया, बहरहाल करीब 10 दिनों तक पुलिस चौकी से बाइक चोरी की वारदात को पुलिस छुपाकर रखे रही और बाइक की तलाश करती रही लेकिन अब बाइक चोरी की FIR दर्ज कर चोर की तलाश की जा रही है, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाइक चुराने वाला युवा मानसिक रूप से विक्षिप्त है, जिसकी पहचान हो गई है और जल्द ही बाइक और चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

HIGHLIGHTS

  • थाने में से पार हुआ पुलिस का चीता मोटर साइकिल
  • अपने ही माल की चोरी की रिपोर्ट लिखने में लगा दिए दस दिन
  • सीसीटीवी वीडियो से हुई आरोपी की पहचान,तलाश जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *