पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है. उन्होंने कल यानी 26 दिसंबर 2024 को 92 साल की उम्र में दिल्ली स्थित एम्स हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली. उनकी मौत की पुष्टि होते ही केंद्र सरकार ने 7 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. ऐसे में देशभर के स्टूडेंट्स कंफ्यूजन में हैं कि आज स्कूल बंद है या नहीं.
कल रात तबीयत बिगड़ने पर डॉ. मनमोहन सिंह को AIIMS के इमरजेंसी वॉर्ड में एडमिट कराया गया था. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर एम्स से उनके सरकारी आवास पर ले जाया गया. एम्स ने रात करीब 9.51 बजे उनकी मौत की जानकारी दी थी .
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शोक घोषित करने के साथ ही सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द करने का ऐलान भी किया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर जताया शोक
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही उनके जीवन को भी याद किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि भी दी है। पीएम मोदी ने कहा, ‘डॉक्टर मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने वित्तीय संकट से देश को बाहर निकाला है। पीएम मोदी ने कहा, ‘मनमोहन सिंह का जीवन उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रतिबिंब था। वह एक प्रतिष्ठित सांसद थे। मनमोहन सिंह का जीवन हमेशा यह सबक देगा कि कैसे कोई व्यक्ति अभाव और संघर्ष से ऊपर उठकर सफलता प्राप्त कर सकता है।’