पलपल इंडिया प्रतिनिधि। कर्नाटक के मांड्या जिले से प्रेम प्रसंग की एक खबर ने सभी को हैरान कर दिया। यहां एक शख्स ने जिलेटिन की छड़ से विस्फोट कर के आत्महत्या कर ली है। शख्स ने इस विस्फोट को प्रेमिका के घर के सामने अंजाम दिया है। पुलिस ने सोमवार को इस पूरी घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया की शख्स एक नाबालिग लड़की के साथ प्रेम संबंध में था और इस कारण वह कुछ समय पहले जेल भी गया था। पुलिस ने यह भी बताया की शख्स पर पिछले साल नाबालिग लड़की को लेकर भागने के आरोप में पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया गया था। इस केस में उसकी गिरफ्तारी हुई थी और वह 3 महीने तक जेल में बंद था। हालांकि, जेल से छूटने के बाद उसने लड़की के परिवार से समझौता कर लिया और अदालत में केस खारिज हो गया था।
केस खारिज होने के बाद शख्स ने फिर से लड़की को फोन करना शुरू कर दिया था और अपने रिश्ते को जारी रखा था। पुलिस के मुताबिक, लड़की का परिवार, लड़की के बालिग हो जाने पर उसकी शादी किसी और से करने की योजना बना रहा था। पुलिस के मुताबिक, शख्स कथित तौर पर लड़की के परिवार द्वारा उसे अस्वीकार किए जाने से नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, नाराज युवक रविवार को अचानक से नाबालिग लड़की के घर के सामने पहुंच गया। इसके बाद उसने जिलेटिन छड़ से विस्फोट कर दिया। इस कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी दी है कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ये भी बताया है कि मृतक का परिवार खदान का बिजनेस करता था। इस कारण युवक को जिलेटिन की छड़ें मिल गई थीं।