जबलपुर में नशे की हालत में ड्राइव कर रहे डॉक्टर ने 6 लोगों को रौंदा, 2 की मौत

By: PalPal India News
January 4, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर में शुक्रवार रात को एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे 6 लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर है। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे विजय नगर में हुआ। बताया जा रहा है कि कार बीएचएमएस डॉक्टर संजय पटेल चला रहा था। वह अपने दोस्त के साथ विजय नगर से दीनदयाल चौक की ओर जा रहा था। तभी यह हादसा हो गया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी आनंद कलादगी समेत विजय नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर संजय पटेल नशे में धुत था। वह काफी तेज रफ्तार में कार चला रहा था। तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे कई लोगों को टक्कर मारते हुए डिवाइडर से जा टकराई। घटना के बाद डॉक्टर का साथी तो मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने कार चला रहे डॉक्टर को पकड़ लिया, फिर पुलिस को सूचना दी।

इस हादसे में मुन्नी बाई सेन और एक अन्य की मौत हुई है। 65 साल की मुन्नी बाई सेन काम से वापस अपने घर जा रही थी। घायल ने बताया कि उनकी मां प्राइवेट जॉब करती है। शुक्रवार की रात को उन्होंने एसबीआई चौक पर ऑटो से उतरने के बाद जैसे ही पैदल घर जाने के लिए सर्विस रोड पकड़ी, उसी दौरान पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार की टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में एक अन्य गौरी शंकर दुबे की भी मौत हो गई। जबकि एक बच्ची समेत तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। रवि सेन ने बताया कि जिस कार चालक ने टक्कर मारी, वह नशे में इस कदर धुत था कि टक्कर मारने के बाद भी उसे कुछ होश नहीं था।

पुलिस ने बताया कि ब्लैक कलर की किया कार दीनदयाल चौक तरफ जा रही थी। कार ने अचानक ही मुख्य सड़क को छोड़कर सर्विस रोड पकड़ी और फिर पैदल जा रहे लोगों को रौंदना शुरू कर दिया। कार चला रहे संजय पटेल ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए लोगों को टक्कर मारना शुरू कर दिया। देखते ही देखते लोग सड़क किनारे गिर गए और कार चालक लोगों के ऊपर से कार लेकर भागने लगा। संजय पटेल ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को भी टक्कर मारी है।

HIGHLIGHTS

  • कार ने 6 लोगों को रौंदा, 2 की मौत
  • जबलपुर में नशे की हालत में ड्राइव कर रहा था डॉक्टर
  • 3 की हालत गंभीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *