मुंबई। नवी मुंबई के सीवुड्स इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नौवीं कक्षा के एक छात्र ने स्कूल की पांचवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह हादसा अंग्रेजी माध्यम के एक स्कूल में सुबह 7 बजे कक्षाएं शुरू होने से ठीक पहले हुआ।
एनआरआई पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि छात्र ने पास के एक नाले में छलांग लगा दी, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल, पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। परिवार, शिक्षकों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र किसी मानसिक तनाव से गुजर रहा था या कोई अन्य वजह थी।