वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी उपायों के तहत ईरान, अफगानिस्तान, म्यांमार और हैती समेत 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। ट्रंप ने इस संबंध में हाल ही में एक आधिकारिक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जो 9 जून से प्रभावी हो जाएगा। सरकारी घोषणा के मुताबिक जिन देशों के नागरिकों पर पूरी तरह से यात्रा प्रतिबंध लगाया गया है, उनमें शामिल हैं:
अफगानिस्तान
म्यांमार
चाड
कांगो गणराज्य
इक्वेटोरियल गिनी
इरिट्रिया
हैती
ईरान
लीबिया
सोमालिया
सूडान
यमन
इसके अतिरिक्त बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के नागरिकों पर आंशिक प्रतिबंध लगाया जाएगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह फैसला विदेश नीति, आतंकवाद विरोधी प्रयासों और अमेरिका की आंतरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कई विदेशी नागरिक वीज़ा समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से अमेरिका में रह जाते हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर असर पड़ता है। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप प्रशासन ने यात्रा प्रतिबंध का फैसला लिया है। वर्ष 2017 में भी उन्होंने कई मुस्लिम-बहुल देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाया था, जिससे हजारों यात्रियों को अपनी यात्रा अधूरी छोड़नी पड़ी थी। कई लोगों को एयरपोर्ट से ही वापस भेज दिया गया था।