पलपल इंडिया प्रतिनिधि। इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक नया मोड़ आया है। राजा की पत्नी सोनम को पुलिस ने यूपी के गाजीपुर के एक ढाबे से गिरफ्तार किया है। सोनम की गिरफ्तारी के बाद राजा रघुवंशी की मां का बयान सामने आया है।
इंदौर का एक कपल हनीमून के लिए गया था। पति राजा रघुवंशी की लाश गहरी खाई में मिली और पत्नी सोनम लापता थी। इस बीच मर्डर मिस्ट्री में एक नया ट्विस्ट आया है। 17 दिन से लापता राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम को यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। सोनम मेघालय से गाजीपुर कैसे पहुंची, ये सबसे बड़ा सवाल है। सोनम के साथ-साथ पुलिस ने 3 आरोपियों को भी अरेस्ट किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में ये पता चला है कि सोनम ने ही अपने पति को मारने की सुपारी दी थी और पूरी प्लानिंग के साथ सोनम अपने पति राजा को मेघालय लेकर गई थी।
इस बीच राजा रघुवंशी का मां का बयान सामने आया है। राजा की मां उमा रघुवंशी ने कहा कि अगर सोनम ने मर्डर करवाया है तो उसे सजा मिलनी चाहिए। राजा की मां ने कहा, ”सोनम का व्यवहार बहुत अच्छा था। कभी लगा ही नहीं कि सोनम ऐसा कुछ कर सकती है। अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि ये क्या हुआ है। मैंने उसे बेटी जैसा माना था। वो जब भी मेरे यहां आती थी वो मेरे से गले मिलती थी। लेकिन अगर उसने मेरे बेटे की हत्या की है तो उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।”
उन्होंने कहा, ”हमें राज कुशवाहा और सोनम के बीच बातचीत की कोई जानकारी नहीं है। मैंने राज कुशवाहा का नाम कभी नहीं सुना, राज कुशवाहा कौन था, इसकी हमारे घर में किसी को भनक नहीं थी। अगर राजा को ऐसी भनक होती तो राजा मुझे पहले ही बता देता।”
सोनम को पुलिस ने यूपी के गाजीपुर के एक ढाबे से गिरफ्तार किया है। जिस ढाबे से सोनम को गिरफ्तार किया गया है वो गाजीपुर के नंदगंज थाना इलाके में है। ढाबा संचालक ने बताया कि रात करीब 1 बजे सोनम उनके ढाबे में आई। उसने कहा कि उसे एक फोन कॉल करना है। ढाबे वाले ने अपने फोन से बात कराई। बताया जा रहा है कि सोनम ने अपने भाई को फोन किया फिर ढाबे के मालिक ने पुलिस को फोन किया जिसके बाद पुलिस सोनम को लेकर गई।