ब्रेकफास्ट में शामिल करें ये 5 हेल्दी फूड्स, गर्मियों में रहेंगे दिनभर ऊर्जावान

By: PalPal India News
May 3, 2025

गर्मियों के मौसम में खानपान का खास ध्यान रखना बेहद ज़रूरी है, खासकर सुबह के समय। ब्रेकफास्ट दिन का सबसे अहम मील होता है, जो आपकी पूरे दिन की ऊर्जा का आधार बनता है। अगर सुबह के समय हेल्दी और संतुलित भोजन लिया जाए, तो न केवल शरीर को भरपूर एनर्जी मिलती है, बल्कि पाचन भी दुरुस्त रहता है। एक्सपर्ट्स की मानें तो ब्रेकफास्ट में कुछ खास चीज़ों को शामिल करके गर्मियों में खुद को फिट और एक्टिव रखा जा सकता है।

1. मौसमी फल और दही का कॉम्बिनेशन
तरबूज, खरबूज, आम और अंगूर जैसे ताजे मौसमी फल अगर ठंडे दही के साथ खाए जाएं तो यह गर्मियों के लिए एक आदर्श नाश्ता बन जाता है। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन में मदद करते हैं और शरीर को ठंडक भी पहुंचाते हैं।

2. दूध के साथ ओट्स
फाइबर से भरपूर ओट्स पेट को हल्का और लंबे समय तक भरा हुआ रखने में मदद करते हैं। आप इसे दूध में पकाकर उसमें कटे फल या ड्राई फ्रूट्स मिलाकर भी खा सकते हैं। यह नाश्ता दिन की शुरुआत के लिए काफी पौष्टिक होता है।

3. पोहा या उपमा
कम तेल में बनने वाले पोहा और उपमा जैसे पारंपरिक नाश्ते भी गर्मियों में बेहतरीन विकल्प हैं। इनमें सब्जियां मिलाकर इन्हें और भी पौष्टिक बनाया जा सकता है। ये आसानी से पच जाते हैं और पेट को भारी भी नहीं लगते।

4. स्मूदी या फ्रूट शेक
गर्मियों में ठंडी और ताजगी देने वाली स्मूदी या फ्रूट शेक एनर्जी के साथ-साथ हाइड्रेशन के लिए भी फायदेमंद होती हैं। केले, आम, स्ट्रॉबेरी या पपीते से बनी स्मूदी में दही, ओट्स, चिया सीड्स और ड्राय फ्रूट्स मिलाकर आप इसे सुपरहेल्दी बना सकते हैं।

5. मूंग दाल चीला और स्प्राउट्स सलाद
मूंग दाल से बना चीला और अंकुरित अनाज (स्प्राउट्स) गर्मियों में प्रोटीन और जरूरी मिनरल्स का बेहतरीन स्रोत होते हैं। ये शरीर को ठकान से बचाते हैं और दिनभर तरोताज़ा महसूस करवाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *