MP News 2025: पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर मां, बहन और बेटियों और किसानों को दिए ये उपहार

By: PalPal India News
September 17, 2025

MP News 2025:  मध्यप्रदेश के लिए 17 सितंबर का कई उपहार लेकर आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार जिले के भैंसोला गांव में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया। उन्होंने 8वें राष्ट्रीय पोषण माह, स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, आदि सेवा पर्व, सुमन सखी चैटबॉट का भी शुभारंभ किया। इसके अलावा पीएम मोदी ने मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों को राशि ट्रांसफर की।

MP News 2025: गरीब-किसान-नारी-युवा को नई मजबूती-

पीएम मोदी ने कहा कि हम देश के लिए जीयें, हर पल देश के लिए समर्पित हों। स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए सौगंध लेकर सबकुछ समर्पित कर दिया था। उनका सपना था, विकसित भारत। वे चाहते थे कि भारत गुलामी से निकलकर तेजी से आगे बढ़े। आज हमने विकसित भारत का संकल्प लिया है। इसके चार प्रमुख स्तंभ है। गरीब, किसान, नारी और युवा। आज इन चारों स्तंभों को नई मजबूती देने का काम हुआ है।

इस आयोजन में नारी शक्ति का बहुत ध्यान रखा गया है। धार से यह कार्यक्रम देशभर की माताओं के लिए हो रहा है। यहां से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार महाअभियान का शुभारंभ हुआ है। आदिसेवा पर्व की गूंज देशभर में सुनाई दे रही है। आज से मध्यप्रदेश में भी यह पर्व शुरू हो रहा है। यह जनजातीय वर्ग को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ेगा। आज विश्वकर्मा जयंती पर देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास हुआ है। किसानों को उपज का सही मूल्य मिलेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। प्रदेश के औद्योगिक अभियान को गति मिलेगी। इन परियोजनाओं और अभियानों के लिए मध्यप्रदेश और देशवासियों को बधाई देता हूं।

MP News 2025
MP News 2025

MP News 2025: आदिवासियों के विकास के लिए चल रहा मिशन-

पीएम मोदी ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया बड़ा संकट है। केंद्र सरकार आदिवासियों के लिए मिशन चला रही है। सिकल सेल अभियान की शुरुआत शहडोल से 2023 में हुई थी। आज मध्यप्रदेश की धरती से 1 करोड़वां कार्ड दिया गया है। देशभर में 5 करोड़ से अधिक स्क्रीनिंग हो चुकी है। लाखों लोगों का जीवन बचा है। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए अहम होगा। जिनका आज जन्म भी नहीं हुआ, हम उनके लिए काम कर रहे हैं।

उनकी भी संतानें स्वस्थ हो जाएंगी। जनजातीय भाई-बहन सिकल सेल एनीमिया की जांच जरूर कराएं। उन्होंने कहा कि शौचालय, करोड़ों गैस कनेक्शन, नल जल योजना, आयुष्मान योजना ने माताओं-बहनों की मुश्किलें कम की हैं। उनका स्वास्थ्य बेहतर बनाया है। भाइयों से आग्रह है कि आप भी अपने स्वास्थ्य की जांच जरूर कराएं। मुफ्त राशन की योजना ने कोरोना के कठिन समय में गरीब मां के घर का चूल्हा बुझने नहीं दिया। आज भी राशन मुफ्त दिया जा रहा है। पीएम आवास योजना के अधिकांश घर माताओं के नाम पर है।

MP News 2025
MP News 2025

MP News 2025: राष्ट्र प्रथम की भावना को जीवन में उतारें

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश की माहेश्वरी साड़ी की विशेष पहचान है। धार में पीएम मित्र पार्क के माध्यम से हम देवी अहिल्याबाई के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। यहां कपास की उपलब्धता है। इसी पार्क से कपड़ा उद्योग की वैल्यू चैन एक जगह से उपलब्ध होगी। टेक्सटाइल सेक्टर में धार चमकने वाला है। 5 एफ विजन- फार्म से फैक्ट्री, फैक्ट्री से फाइबर, फाइबर से फैशन और फैशन से फॉरेन पर काम जारी है।

इस पार्क की 80 प्रतिशत जमीन आवंटित की जा चुकी है। 3 लाख रोजगार सृजित होंगे। मैन्युफ्रैक्चरिंग और लॉजिस्टिक आसान होगी। हमारे प्रोडक्ट सस्ते बनेंगे। देश में 6 पीएम मित्रा पार्क और बनाएंगे। मध्य प्रदेशवासियों को इस पार्क के लिए शुभकामनाएं देता हूं। पीएम विश्वकर्मा योजना का लाभ 30 करोड़ भाइयों-बहनों को मिल चुका है।

क्या है पीएम मित्र पार्क

गौरतलब है कि पीएम मित्र पार्क का सबसे बड़ा लाभ प्रदेश के कपास उत्पादकों को मिलेगा। करीब 2158 एकड़ में विकसित होने वाला पीएम मित्र पार्क विश्व स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां 20 एमएलडी का कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, 10 एमवीए का सौर ऊर्जा संयंत्र, पानी और बिजली की पुख्ता आपूर्ति, आधुनिक सड़कें और 81 प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।
इस पार्क में श्रमिकों और महिला कर्मचारियों के लिए आवास और सामाजिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पीएम मित्र पार्क में देश की अग्रणी टेक्सटाइल कंपनियों ने अब तक 23 हजार 146 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। यह निवेश उद्योगों की स्थापना के साथ स्थानीय लोगों के लिए नए रोजगार सृजन के रास्ते खोलेगा। वस्त्र क्षेत्र के बड़े संगठनों और उद्योग समूहों ने यहां निवेश करने की इच्छा जताई है।
इससे न केवल प्रदेश को औद्योगिक लाभ मिलेगा, बल्कि निर्यात भी बढ़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी के ‘5-एफ’ विज़न के अनुरूप यह पार्क ‘फार्म से फाइबर, फाइबर से फैक्ट्री, फैक्ट्री से फैशन और फैशन से फॉरेन की संपूर्ण वैल्यू चैन बनाएगा। किसानों से प्राप्त कच्चा कपास उद्योगों में धागा बनेगा। वहीं से वस्त्र और परिधान तैयार होंगे और यही उत्पाद विदेशों तक जाएंगे। इस तरह पूरी वैल्यू चैन एक ही स्थान पर पूरी होगी। ‘पीएम मित्र पार्क’ से लगभग 3 लाख रोजगार सृजित होंगे। इसमें एक लाख प्रत्यक्ष और दो लाख अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल होंगे। कपास आधारित उद्योगों के विस्तार से किसानों को उनकी फसल का दोगुना मूल्य मिलेगा।
MP News 2025
MP News 2025

स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार-पोषण अभियान में क्या होगा

महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह अभियान 2 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। इसके तहत महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता लाई जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है। ताकि, वे निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इस अभियान में महिलाओं की व्यापक स्वास्थ्य जांच भी होगी। अभियान में एनीमिया की रोकथाम, संतुलित आहार और मासिक-धर्म स्वच्छता पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

खास हैं आदि सेवा पर्व-एक बगिया मां के नाम

आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत “आदि सेवा पर्व” जनजातीय गौरव और राष्ट्र निर्माण के संगम का प्रतीक पर्व होगा। इस दौरान जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, स्वच्छता, जल-संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसी सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अभियान में “ट्रायबल विलेज एक्शन प्लान एवं ट्रायबल विलेज विज़न 2030” पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इसके अंतर्गत हर गांव के लिए विकास का दीर्घकालिक रोडमैप तैयार किया जाएगा। पर्यावरण सुधार के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाये जा रहे “एक बगिया मां के नाम” अभियान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला स्व-सहायता समूह की लक्ष्मी डूडिया को अमरूद का पौधा भेंट किया। मध्यप्रदेश में अब तक 10 हजार 162 महिलाओं को मां की बगिया तैयार करने की स्वीकृति दी जा चुकी है। समूह की महिलाओं को पौधों की सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

पीएम मोदी ने लॉन्च किया सुमन सखी चैटबॉट

प्रधानमंत्री मोदी ने “प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान” में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में जागरूकता के लिए ‘सुमन सखी चैटबॉट’ लॉन्च किया। इससे ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की गर्भवती महिलाओं को समय पर सही जानकारी और आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने राधा कलमी को 1 करोड़वां सिकल सेल एनीमिया कार्ड प्रदान किया। उन्होंने कार्यक्रम में ‘प्रधानमंत्री मातृ-वंदना योजना’ के तहत सिंगल क्लिक से देश भर की पात्र 10 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में योजना की राशि ट्रांसफर की। इससे मध्यप्रदेश की लगभग एक लाख माता-बहनें लाभान्वित होंगी।

One response to “MP News 2025: पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर मां, बहन और बेटियों और किसानों को दिए ये उपहार”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *