New Fly Over: जबलपुर में शनिवार की दोपहर दमोह नाका–मदन महल फ्लाईओवर पर नए कार चालक के चक्कर में हादसा हो गया। जिसके चलते काफी देर तक फ्लाईओवर पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। जानकारी के मुताबिक फ्लाइओवर के रानीताल टर्निंग पर स्विफ्ट डिजायर और तूफान वाहन में जोरदार भिड़ंत हो गई। स्विफ्ट डिजायर कार और तूफान गाड़ी में टक्कर हुई जिसमें कार चालक बोला समझ में नहीं आ रहे संकेतक।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। उपनिरीक्षक अशोक दुबे ने बताया कि स्विफ्ट कार क्रमांक MP 20 जेड एन 2597 रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही थी, जबकि दूसरी ओर से भी तूफान वाहन तेज रफ्तार में आ रहा था, दोनों आमने-सामने आ गए और जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कोई भी घायल नही हुआ। लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्विफ्ट कार चालक हृदेश साहनी ने बताया कि उसे समझ नहीं आया कि कार किस तरह से ले जानी है। जिसके चलते वह ग़लत साइड पर आ गया।
शहर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। देर रात मदन महल–दमोह नाका फ्लाईओवर पर रफ्तार का कहर तब देखने को मिला जब दो स्कूटी आपस में भिड़ गईं। एक तरफ एक्टिवा और दूसरी ओर ऐक्सेस, दोनों स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर ने राहगीरों को दहला दिया। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों स्कूटी इतनी तेज गति में थीं कि आमने-सामने की भिड़ंत से जोरदार आवाज गूंजी और दोनों वाहन पलट गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल युवक का नाम पुष्पेंद्र बताया जा रहा है, जो गोपाल होटल क्षेत्र का निवासी है। हादसे के बाद वह मौके पर ही बुरी तरह घायल होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।