बेंगलुरु. बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपियों ने पुरानी पहचान का झांसा देकर महिला को बुलाया और होटल की छत पर ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—अजीत, विश्वास और शिवू—को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी आरोपी पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के निवासी हैं और एचएसआर लेआउट स्थित एक होटल में काम करते थे। चौथे आरोपी की तलाश जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बेंगलुरु पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) सारा फातिमा ने बताया कि इस जघन्य अपराध की सूचना उन्हें शुक्रवार सुबह करीब 7:30-8:00 बजे मिली।
पीड़िता की मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़िता दिल्ली की रहने वाली है और फिलहाल बेंगलुरु में रह रही थी। वह अपने एक दोस्त से मिलने गई थी, तभी यह घटना घटी।