अलास्का में बेरिंग एयर के लापता विमान का मिला मलबा, विमान में सवार 10 लोगों की मौत

By: PalPal India News
February 8, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। अलास्का में बेरिंग एयर का एक विमान अचानक लापता हो गया था। लेकिन अब लापता हुए विमान के बारे में जानकारी सामने आई है कि वह अलास्का की समुद्री बर्फ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और विमान में सवार सभी 10 यात्रियों की मौत हो गई है।

अमेरिका के पश्चिमी अलास्का में नोम शहर जाते समय लापता हुए विमान का मलबा मिल गया है। विमान समुद्री बर्फ पर हादसे का शिकार हुआ था। इस हादसे में विमान में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई है। यूएस कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता माइक सालेर्नो ने जानकारी देते हुए बताया कि बचाव दल ने मलबा खोज लिया है। हेलीकॉप्टर से विमान का मलबा दिखने के बाद बचाव दल को मौके पर भेजा गया। बचाव दल ने पाया कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है। अलास्का के डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी के अनुसार, बेरिंग एयर का सिंगल-इंजन टर्बोप्रॉप विमान 9 यात्रियों और एक पायलट के साथ उनालक्लीट से रवाना हुआ था। अलास्का के सबसे पश्चिमी प्रमुख शहर नोम के पास विमान का संपर्क टूट गया था। कोस्ट गार्ड ने कहा कि यह नोम से 30 मील (48 किलोमीटर) दक्षिण-पूर्व में लापता हुआ था। इसके बाद बचाव का काम शुरू किया गया और कुछ घंटों बाद उन्हें विमान का मलबा मिल गया।

खराब मौसम में विमान ने भरी थी उड़ान

हादसे के बाद अब इस तरह की जानकारी भी सामने आ रही है कि जब विमान ने उड़ान भरी तो हल्की बर्फबारी और कोहरा था। उड़ान के बाद अधिकारियों का विमान से संपर्क टूट गया था। व्हाइट माउंटेन के अग्निशमन प्रमुख जैक एडम्स ने कहा कि विमान नोम के तट से लेकर टॉपकोक के बीच कहीं रडार से गायब हुआ था।

अलास्का में मुश्किल हालात 

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, अमेरिकी सरकार के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ऑक्युपेशनल सेफ्टी एंड हेल्थ के अनुसार अमेरिका के बाकी राज्यों की तुलना में अलास्का में छोटे विमानों की दुर्घटनाएं ज्यादा होती हैं। अलास्का में पहाड़ी इलाका और मौसम बेरहम होता है। अलास्का में सामान और लोगों की आवाजाही के लिए छोटे विमानों का इस्तेमाल किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *