मुंबई। मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 9 विकेट से हरा दिया है. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में CSK की टीम ने पहले खेलते हुए 176 रन बनाए थे. इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने अपने होमग्राउंड पर 16वें ओवर में ही 9 विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली. MI ने अब जीत की हैट्रिक लगाकर प्लेऑफ की उम्मीदों को प्रबल कर दिया है. रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव मुंबई की जीत के हीरो रहे, दोनों ने दमदार अर्धशतकीय पारी खेली.
मुंबई इंडियंस ने 177 रनों के लक्ष्य के जवाब में काफी अच्छी शुरुआत की. रोहित शर्मा और रायन रिकल्टन ने तेजतर्रार अंदाज में 63 रनों की सलामी साझेदारी की. रिकल्टन 24 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभालते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया. रोहित और सूर्या के बीच 114 रनों की पार्टनरशिप हुई. CSK के लिए स्पिनरों का ना चलना मुसीबत की जड़ बनी हुई है. मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में स्पिनरों ने 10 ओवर किए, लेकिन विकेट सिर्फ एक आया.
चेन्नई ने 8 मैचों में सिर्फ 2 जीत दर्ज की हैं. अब धोनी की लीडरशिप वाली CSK को प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवंत रखना है तो अगले मैचों में हर हालत में जीत दर्ज करनी होगी.