इज्जत बचाने चलती बस से कूदीं 2 नाबालिग छात्राएं, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 4 आरोपी कर रहे थे………

By: PalPal India News
February 11, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह में अश्लील कमेंट और छेड़छाड़ से परेशान होकर दो छात्राएं चलती बस से कूद गईं। बस से कूदने के कारण दोनों बुरी तरह जख्मी हो गई हैं, उन्हें जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है।

मध्यप्रदेश के दमोह में इमलिया चौकी के अधरोटा टोरी मार्ग पर दो नाबालिग स्कूली छात्राएं चलती यात्री बस से कूद गईं। सोमवार सुबह ड्राइवर और कंडक्टर समेत चार लोगों द्वारा कथित रूप से अश्लील टिप्पणियां करने और संदिग्ध हरकतें किये जाने से परेशान होकर नौंवी कक्षा की दो छात्राएं चलती बस से कूद गईं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में दोनों लड़कियां घायल हो गईं और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बस वाले ने बस नहीं रोकी जिसके बाद कूदी दोनों

पुलिस उपाधीक्षक भावना डांगी ने बताया, ‘‘दोनों लड़कियां टोरी के एक स्कूल में पढ़ती हैं और अधरोटा से बस पर सवार होकर परीक्षा देने के लिए जा रही थीं। बस में चालक और कंडक्टर समेत चार लोग सवार थे। आरोपियों ने अश्लील टिप्पणियां कीं और जब लड़कियों ने बस रोकने को कहा तो उन्होंने बस रोकने से इनकार कर दिया।’’ आरोपियों ने लड़कियों को घूरने के अलावा वाहन का पिछला दरवाजा भी बंद कर दिया था, जिससे छात्राओं को कुछ संदेह हुआ। अपनी सुरक्षा के लिए दोनों लड़कियां चलती बस से कूद गईं।

ड्राइवर-कंडक्टर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने चालक मोहम्मद आशिक, कंडक्टर बंशीलाल तथा दो अन्य व्यक्तियों हुकुम सिंह और माधव असाटी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *