मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मंत्रियों के लिए ई-कैबिनेट प्रणाली को लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एप्पल आईपैड सहित अन्य डिजिटल उपकरणों की खरीद की है। इसके तहत 50 एप्पल आईपैड, 50 मैजिक कीबोर्ड, 50 एप्पल पेंसिल और 50 कवर मंगवाए गए हैं।
प्रत्येक आईपैड की कीमत ₹1,65,843, कीबोर्ड की कीमत ₹31,188, एप्पल पेंसिल की कीमत ₹7,268, और कवर की कीमत ₹8,850 बताई गई है। कुल मिलाकर इस पूरी खरीद पर सरकार ने ₹1,06,57,583 खर्च किए हैं।
सरकार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस खरीद का उद्देश्य ई-कैबिनेट के संचालन को डिजिटल और अधिक प्रभावी बनाना है। इसके लिए ई-टेंडर प्रक्रिया 9 अप्रैल 2025 को शुरू की गई थी, लेकिन पहले चरण में कोई पात्र बोलीदाता नहीं मिला। इसके बाद 13 मई को दोबारा निविदा जारी की गई, जिसे समाचार पत्रों और सरकारी वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया।
रेडियस सिस्टम नामक कंपनी की तकनीकी और वित्तीय निविदा को अंतिम रूप से मंजूरी दी गई और उसे एक सप्ताह के भीतर सभी उपकरणों की आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए कंपनी पर कई शर्तें भी लगाई गई हैं।
सरकार की ओर से कहा गया है कि ई-कैबिनेट के लिए यह कदम प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और कागज रहित प्रक्रिया को बढ़ावा देने की दिशा में है।