पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। सरकार की लाख कोशिशों के बाद भी स्वास्थ्य सेवाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही है। सरकार ने 108 एंबुलेंस सेवा निशुल्क रखी हुई है लेकिन फिर भी लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर एंबुलेंस चालक उनसे रुपए वसूल कर रहे हैं। सतना का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें शंकर साकेत नाम के एक व्यक्ति को अपने बच्चे की लाश घर ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस के चालक को ढाई हजार रुपए देने पड़े। एक तो बच्चे की मौत का गम और ऊपर से एम्बुलेंस चालक कि इस करतूत से शंकर साकेत नाम का व्यक्ति मानो खून के आंसू रोने के लिए मजबूर है। यकीन ना हो तो आप खुद ही देख लीजिए किस तरह से 108 एंबुलेंस का चालक बच्चे की लाश को सतना से झिन्ना ले जाने के लिए ढाई हजार रुपए ले रहा है।
शंकर साकेत नाम के इस व्यक्ति ने एक वीडियो वायरल कर शासन प्रशासन और खास तौर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव से एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि सरकार गरीबों की सहूलियत के लिए बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन हकीकत क्या है यह लोग अपनी आंखों से देख सकते हैं।