जबलपुर समाचार – ओमती में मारपीट,पथराव,और आगजनी के साथ उपद्रव
पलपल इंडिया प्रतिनिधि, जबलपुर । जबलपुर में दो लड़कों के बीच हुई कहासुनी के बाद 100 से ज्यादा लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में पथराव हुआ। दो – तीन गाड़ियों को आग लगा दी गई। एक बाइक पूरी तरह जल गई। मामला रविवार देर रात 12 बजे का ओमती थाना इलाके का है।
हालात ज्यादा बिगड़ने पर खुद एसपी आदित्य प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। 8 थानों से पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा। सोमवार सुबह 4 बजे तक हालात पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। एहतियातन सुबह 6 बजे तक पुलिस बल तैनात रहा है। पथराव में कुछ लोगों को चोट आई है, दो को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी खबर है।
रविवार रात उड़िया मोहल्ले के लड़के छोटी ओमती के पास घूम रहे थे। यहां सोनकर मोहल्ले के लड़के भी टहल रहे थे। किसी बात पर दोनों पक्षों के लड़कों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। इसका पता लगते ही दोनों मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। दोनों ओर से पत्थर चलने लगे। मोहल्ले के लोग घबराकर अपने घरों में भागे।
पथराव में कई गाड़ियों के शीशे हैडलाइट्स भी टूट गईं। ओमती थाने से पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवियों की संख्या बहुत ज्यादा थी। इसके बाद आसपास के थानों से भी पुलिस को बुलाया गया। पुलिस पर भी पथराव किया गया। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सभी को खदेड़ा।
HIGHLIGHTS