कलेक्टर दीपक सक्सेना के बेटे का निधन ,हीट स्ट्रोक से हुई मौत

By: PalPal India News
June 3, 2024

जबलपुर ब्रेकिंग कलेक्टर दीपक सक्सेना के बेटे का निधन, सीएम डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया

पलपल इंडिया प्रतिनिधि , जबलपुर। जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के 21 वर्षीय बेटे अमोल सक्सेना का रविवार को दिल्ली में निधन हो गया। अमोल दिल्ली में फिल्म स्टडीज का कोर्स कर रहे थे। बताया जा रहा है कि हीट स्ट्रोक के चलते उनकी मौत हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह दिल्ली में अमोल सक्सेना के केयरटेकर जब उन्हें देखने के लिए गया, तब उनकी स्थिति काफी चिंताजनक थी। जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। बेटे की हालात खराब होने की सूचना पर कलेक्टर दीपक सक्सेना नागपुर से दिल्ली जाने के लिए रवाना हो गए। लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही उन तक खबर आ गई कि उनके बेटे अब इस दुनिया में नहीं रहे। कलेक्टर दीपक सक्सेना जबलपुर वापस आ गए हैं।

बताया जा रहा है कि अमोल की शनिवार को तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद रविवार को उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक कलेक्टर दीपक सक्सेना ने दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स से रिक्वेस्ट की है कि बॉडी का पोस्टमार्टम करवाया जाए। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। सोमवार को दिल्ली एम्स में पोस्टमार्टम होने के बाद एयर एंबुलेंस से अमोल का शव जबलपुर लाया जाएगा। यहां ग्वारीघाट पर उनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार होगा।

जबलपुर कलेक्टर के बेटे अमोल सक्सेना दिल्ली में फिल्म स्टडीज से संबंधित कोई कोर्स कर रहे थे। कलेक्टर दीपक सक्सेना की एक बेटी भी है, जो दिल्ली में ही प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है। दीपक सक्सेना मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले हैं।

जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के बेटे अमोल सक्सेना के निधन पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है।

उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि जबलपुर कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना जी के युवा एवं होनहार पुत्र श्री अमोल सक्सेना जी के असामयिक देहावसान का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें। मैं मध्यप्रदेश शासन की ओर से दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ।।ॐ शांति ।।

HIGHLIGHTS

  • जबलपुर कलेक्टर के बेटे अमोल की हीट स्ट्रोक से मौत
  • शनिवार को बिगड़ी थी तबीयत,जबलपुर में होगा अंतिम संस्कार
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी जताया शोक
  • चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली से जबलपुर आएगा पार्थिव शरीर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *