भोपाल। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक रोमांचक खबर सामने आई है—मादा चीता वीरा ने दो नन्हे शावकों को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस खुशखबरी को साझा करते हुए कहा, “मध्य प्रदेश की जंगल बुक में दो चीता शावक आए।”
सीएम यादव ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर अपनी खुशी जताई और इस परियोजना की सफलता के लिए स्थानीय समुदाय को बधाई दी। उन्होंने इस पहल में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ की सराहना की।
यह परियोजना न केवल राज्य के वन्यजीव संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।