केजरीवाल मुख्यमंत्री पद से कल देंगे इस्तीफा, कल शाम 4.30 बजे एलजी सचिवालय में होगी बैठक

By: PalPal India News
September 16, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,दिल्ली। अरविंद केजरीवाल जमानत पर रिहा होने के बाद कल यानी 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले हैं।  आज सोमवार को केजरीवाल ने केंद्रशासित प्रदेश के उपराज्यपाल (एलजी) वीके सक्सेना से मिलने के लिए समय मांगा है। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने रविवार 15 सितंबर को घोषणा की थी कि वह दो दिनों में अपने पद से इस्तीफा दे देंगे और राष्ट्रीय राजधानी में जल्द चुनाव कराने की मांग करेंगे। बताया ये भी जा रहा है की गीकल शाम 4.30 बजे एलजी सचिवालय में सीएम की बैठक हो। इस बैठक में वह अपना इस्तीफा उपराज्यपाल को सौंप सकते हैं।इधर अरविंद केजरीवाल के घर गोपाल राय और कैलाश गहलोत पहुंचे हैं। साथ ही आतिशी, सौरभ भारद्वाज, मनीष सिसोदिया और राखी बिड़ला भी पहुंच चुके हैं।

शराब घोटाले के मामले में तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा होने के कुछ ही दिनों बाद केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की कि वह मुख्यमंत्री के रूप में अपना पद तभी संभालेंगे जब लोग उनकी ईमानदारी की पुष्टि करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर तभी बैठूंगा जब लोग मुझे ईमानदारी का प्रमाण पत्र देंगे।” उन्होंने आगे कहा, “मैं मुख्यमंत्री बनूंगा और सिसोदिया उपमुख्यमंत्री तभी बनेंगे जब लोग कहेंगे कि हम ईमानदार हैं।”

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि सीएम पद के नेता का चुनाव करने के लिए विधायक दल की बैठक कल होगी। भारद्वाज ने आगे कहा, “जो भी निर्वाचित होगा, वह उपराज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति के समक्ष दावा पेश करेगा। मुझे लगता है कि यह पूरी प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी हो जानी चाहिए।”

आप नेता ने कहा, ‘‘बीते दो वर्षों में भारतीय जनता पार्टी ने जो कुछ भी किया है, उसके बावजूद मुख्यमंत्री को अभी भी लोगों और उनकी ईमानदारी पर भरोसा है। दिल्ली के लोग चुनाव होने के लिए उत्सुक हैं, ताकि वे वोट देकर अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बना सकें।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *