खुद को बाहुबली समझने वालों के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, हुए…..

By: PalPal India News
January 25, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,मुरैना। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर खुद को बाहुबली समझने वालों के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस की पकड़ में आए युवक अब सार्वजनिक रूप से कहते दिखाई दे रहे हैं कि ‘हथियार उठाना पाप है और पुलिस हमारी बाप है’। पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ सोशल मीडिया ग्रुप से अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले युवक अब गायब होते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हमारे साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया ग्रुप की निरंतर निगरानी की जा रही है। इन ग्रुपों पर हथियार के साथ वीडियो वायरल करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

हथियार के साथ डांस करने का वीडियो हुआ वायरल

आपको बता दे बीते दिनों अवैध हथियारों के साथ डांस कर रहे चार युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस अधिकारियों द्वारा इस वीडियो को संज्ञान में लेकर साइबर सेल के माध्यम से युवकों की पहचान की गई। जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र अंतर्गत चंबल के बीहड क्षेत्र के गांव में रहने वाले इन युवकों की तलाश में पुलिस द्वारा दबिश दी गई। पुलिस के धर-पकड़ अभियान में एक युवक पकड़ा गया, जिसके पास से एक अवैध हथियार कट्टा और जिंदा कारतूस मिला है। वीडियो में डांस करते दिख रहे अन्य युवकों की तलाश में भी दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस को आता देख फरार हो हुए। इस वीडियो में चार युवकों की पहचान की गई है। वहीं पुलिस ने एक युवक की गिरफ्तारी कर ली है। अब तीन अन्य युवकों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पकड़े गए युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की टीम इस आरोपी से पूछताछ भी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *