पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। स्वयं भू गुप्तेश्वर महादेव भगवान सावन के दूसरे सोमवार को नगर भ्रमण पर निकले। गुप्तेश्वर मंदिर से शाही यात्रा शुरू हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए मिलौनीगंज पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। पुराणों में उल्लेख है कि इस शिवलिंग का निर्माण भगवान राम ने वनवास के दौरान किया था।
गुप्तेश्वर महादेव की सवारी महाकाल की तर्ज पर 14 वर्ष से निकल रही है। भगवान का विग्रह पालकी में रखा गया था। भक्त बम-बम भोले और ऊं नम: शिवाय का जयघोष कर यात्रा मार्ग पर बढ़ रहे थे। यात्रा गुप्तेश्वर मंदिर से शुरू होकर शक्ति नगर चौक, कृपाल चौक, हाथीताल, हितकारिणी स्कूल, अनगढ़ महावीर मंदिर, शास्त्री ब्रिज, मोटर स्टैंड, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा होते हुए मिलौनीगंज पहुंची।
यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। भगवान भोलेनाथ पालकी में सवार होकर प्रजा का हाल जानने निकले तो लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी के साथ चल रहे श्रद्धालुओं के गगनभेदी जयघोष से शहर की गलियां गुंजायमान हो उठीं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुख- समृद्धि की कामना की।
HIGHLIGHTS