पल-पल इंडिया न्यूज /ग्वालियर
ग्वालियर
। शहर से सोमवार को किडनैप हुई लड़की मिल गई है। बता दें सोमवार को ग्वालियर के नाका चंद्रवदनी पेट्रोल स्टेशन के पास से एक 19 साल की लड़की को दो बाइक सवार ने अगवा कर लिया था। यह लड़की गुना के एक लॉज से मिली है। इस बात की जानकारी एसएसपी ग्वालियर राजेश सिंह चंदेल ने दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक शख्स को लहार से पकड़ा गया है। छात्रा के अपहरण में पुलिस ने रोहित कुशवाहा नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बाइक से छात्रा को लेकर फरार हुआ रोहित छात्रा का परिचित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले रोहित के खिलाफ छात्रा के परिजनों ने शिकायत दर्ज करवाई थी। परिजनों ने अपनी शिकायत में युवक के घर में घुसने की बात बताई थी। वहीं पुलिस ने इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की संभावना भी जताई थी। अब पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा करेगी। पुलिस ने देर रात आरोपी को गुना से गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद पूछताछ में आरोपी द्वारा अगवा की गई छात्रा को उज्जैन लेकर जाने का प्लान था।
घटना सोमवार सुबह लगभग 9:00 बजे की बताई जा रही है, जब भिंड की रहने वाली एक छात्रा बस से ग्वालियर में आई थी। जहां वह अपने परिजनों के गृह प्रवेश के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। बस स्टैंड पर उतरकर जैसे ही छात्रा वॉशरूम के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंची, वहां पूर्व से ही खड़े दो युवकों ने युवती को जबरदस्ती बाइक पर बिठाया और लेकर फरार हो गए। इस बात की सूचना परिजनों ने तत्काल झांसी रोड थाना में दी, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में तत्काल सक्रिय हो गई।
अपहरण का ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस का कहना है दोनों ही आरोपी राघवेंद्र और रोहित छात्रा से पूर्व से ही परिचित है और वह उसे अगवा करके गुना ले गए थे। जहां राघवेंद्र ने रोहित और छात्र को एक लॉज में छोड़ा और वहां से तत्काल वापस आकर अपने गांव बरहा भिंड में पहुंचे। सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज और संदिग्ध आरोपी से की गई पूछताछ के बाद वह ज्यादा देर नहीं टिक पाया और आरोपी ने अपनी जुबान खोल दी। जिसकी सूचना पर तत्काल पुलिस ने रवाना होकर गुना से आरोपी और छात्र को बरामद किया। बताया जा रहा है कि आरोपी और छात्रा 3 सालों से एक दूसरे के परिचित थे।
लड़की भिंड में असवार थाना क्षेत्र के बरहा गांव की रहने वाली है और सेवढ़ा कॉलेज की छात्रा है। जिस समय लड़की को किडनैप किया गया, उस समय उसके परिजन बस से सामान उतार रहे थे और लड़की बच्चे को टॉयलेट कराने के लिए गई थी। इसी बीच बाइक सवार युवकों ने उसे जबरदस्ती उठा लिया और बाइक पर जबरन बैठाकर भाग गए। लेकिन सारी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।