पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर के ग्राम निगरी में 51 साल के अधेड़ की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। मृतक का नाम मुकेश झारिया है, जो कि मां के साथ रहता था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए है। जानकारी मिलने के बाद बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पीएम के लिए मेडिकल कालेज भेज जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया है। बरगी थाना पुलिस ने हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी और बच्चे मायके में रहते है, जबकि मृतक की मां रिश्तेदारी में गई हुई थी और वह जानकारी के मुताबिक मृतक मुकेश झारिया की मां पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए टेमर भीटा गांव गई थी।
रोज की तरह मुकेश घर के बाहर बने शेड में सो रहा था। तड़के सुबह करीब 4 बजे तीन लोग आए और चाकू से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। आरोपी हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर कुछ लोग घर से बाहर आए तो आरोपियों को भागते हुए देखा, तुरंत बरगी थाना पुलिस को सूचना दी गई. सीएसपी सनील नेमा के साथ थाना प्रभारी कमलेश चौरेया पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि जिन लोगों ने मुकेश झारिया की हत्या की है वो पहचान वाले ही लोग है। मृतक मुकेश के पास ही उसका मोबाइल फोन मिला जिससे ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है की हत्या से पहले उसने किस किस से बात की।
HIGHLIGHTS