पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। संजीवनी नगर में रविवार शाम एक सुनसान पड़े घर में आग लगने से कम से कम 10 कुत्तों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी और बताया कि आग के दौरान घर में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। हालांकि, दो अन्य कुत्तों को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना के वक्त घर में नहीं था कोई व्यक्ति
संजीवनी नगर थाने के सहायक उपनिरीक्षक, राजेंद्र पटेल ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को हुई। घर का किराएदार काजल कुंडू नाम की महिला थी और घटना के वक्त वह घर में मौजूद नहीं थी। स्थानीय थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी ने इस मामले में कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस पूरी घटना की तफ्तीश कर रही है।
अधिकारी ने कहा कि जब घर में आग लगी, तब घर में कोई मौजूद नहीं था, लेकिन उसमें रह रहे कुत्तों को वक्त रहते बाहर नहीं निकाला जा सका। हालांकि, दो कुत्तों को बचा लिया गया, लेकिन अन्य कुत्तों की जान नहीं बचाई जा सकी। स्थानीय लोगों ने आग की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी और घटना स्थल पर पहुंचने के बाद आग को बुझाया गया।