palpalindianews/chattisgarh
माओवाद प्रभावित सुकमा जिले में प्रथम चरण में हो रहे मतदान के बीच नक्सलियों का उत्पात जारी है. नक्सलियों ने कोंटा इलाके के बंडा स्थित मतदान केंद्र के पास फायरिंग की है. मतदान केंद्र से करीब 200 मीटर दूर नक्सलियों ने सुरक्षा में तैनात डीआरजी के जवानों पर फायरिंग की. मतदान बूथ क्रमांक 195 दूरमा को 3 किमी दूर बंडा में शिफ्ट किया गया है. दूरमा में 284 मतदाता है. सुबह 11 बजे की स्थिति में 20 लोगों ने वोटिंग की है. सुबह 11.15 बजे नक्सली और पुलिस के बीच 10 मिनट तक गोलीबारी हुई है. नक्सली फायरिंग के बाद ग्रामीण वोट डालने नहीं आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि नक्सली, मतदान करने जा रहे ग्रामीणों को रोक रहे हैं.
मतदान केंद्रों में सन्नाटा पसार गया है. बंडा में मेहता मतदान केन्द्र को भी शिफ्ट किया गया है. बूथ क्रमांक 196 मेहता टोटल वोट 281 हैं. जिसमें 12 बजे तक कुल 19 वोट पड़े. सीआरपीएफ और डीआरजी की टीम मौके पर मौजूद है. प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. उसके बावजूद नक्सलियों ने मतदान केंद्र से 200 मीटर गोलीबारी की है.
वहीं सुकमा पुलिस द्वारा मीडिया को जारी प्रेस नोट में बताया कि 2 किमी दूर कॉर्डन ड्यूटी में लगी डीआरजी पर नक्सलियों ने फायरिंग की है. सुरक्षाबलों द्वारा जवाबी कार्रवाई में नक्सली भाग खड़े हुए. फायरिंग में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. 