छापेमारी करने पहुंची आयकर विभाग की टीम, घर में मिले 4 मगरमच्छ

By: PalPal India News
January 11, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक घर में छापेमारी करने पहुंची आयकर विभाग की टीम के भी होश तब उड़ गए जब घर में 3 मगरमच्छ मिले। इसके बाद वन विभाग की टीम को सूचित किया गया, जिसके बाद 4 मगरमच्छों को रेस्क्यू किया गया है। आयकर विभाग की टीम को 14 किलो सोना और 4 करोड़ कैश के साथ मिले 4 मगरमच्छ जिसने सभी को होश उड़ा दिए। सागर जिले में आयकर विभाग की टीम जब एक घर में छापेमारी करने गई तो उन्हें घर में मगरमच्छ होने का पता चला। इसके बाद शुक्रवार को वन विभाग की टीम को इस घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को रेस्क्यू किया। मध्य प्रदेश के वन बल के प्रमुख असीम श्रीवास्तव ने घटनाक्रम की पुष्टि की और न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि इस संबंध में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

छापेमारी के दौरान घर में मिले मगरमच्छ

उन्होंने बताया कि वन विभाग के कर्मियों को आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा मगरमच्छों की मौजूदगी के बारे में सूचित किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। श्रीवास्तव ने कहा कि मगरमच्छों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। इस मामले के बारे में हम अदालत को सूचित करेंगे और उसके मुताबिक ही आगे बढ़ेंगे। हालांकि इस दौरान उन्होंने यह नहीं बताया कि आखिर कितने मगरमच्छों को रेस्क्यू किया गया और वह घर किसका था, जहां मगरमच्छ पाए गए हैं। एक शीर्ष आयकर अधिकारी ने इस मामले पर कहा कि सागर में बीड़ी निर्माता, भवन निर्माण ठेकेदार और पूर्व भाजपा पार्षद राजेश केसरवानी से जुड़े स्थानों पर तलाशी ली गई। हालांकि इस दौरान उन्होंने मगरमच्छों के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। वहीं सूत्रों की मानें तो चार मगरमच्छों को बचाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *