पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर के कृष्ण मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। वही मंदिर प्रबंधन ने भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव आधी रात को मनाने की तैयारी पूरी कर ली है। बाई का बगीचा घमापुर स्थित गोपाल जी मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के दर्शनों के लिए सुबह से लोग पहुंच रहे हैं। रात 12:00 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा और महा आरती की जाएगी इसके बाद प्रसाद वितरण होगा।
गोरखपुर – सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में गोरखपुर स्थित श्री कृष्ण मंदिर में भी भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी पर आज शोभायात्रा निकाली गई यह शोभायात्रा विभिन्न मार्गों का भ्रमण करती हुई खेरमाई पहुंची जहां इसका समापन हुआ। श्री कृष्ण मंदिर गोरखपुर में जन्माष्टमी पर रात 12 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद दूसरे दिन 27 अगस्त को नंदोत्सव की धूम रहेगी।
गढ़ा पचमठा मंदिर – लघु काशी कहे जाने वाले गढ़ा के पचमठा मंदिर में भी भगवान श्री कृष्ण की जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। पचमठा मंदिर में सुबह भगवान का अभिषेक किया गया जिसके बाद श्रृंगार आरती हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शनों का जो सिलसिला शुरू हुआ वह लगातार जारी है। मेले जैसे माहौल में भक्त भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर रहे हैं। पुजारी ने बताया कि रात 11:00 बजे शहनाई वादन होगा और 12:00 बजे आतिशबाजी होगी और ढोल नगाड़े बजेंगे और नंद के लाला का जन्म उत्सव मनाया जाएगा।
जीसीएफ राम मंदिर – जीसीएफ राम मंदिर में भी भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी पर सुबह से ही भगवान श्री कृष्ण के दर्शन करने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं का ताता लगा हुआ है, वही मंदिर समिति ने आज रात्रि में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारी पूरी कर ली है। रात 12:00 बजे मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे और भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।