जबलपुर की तीरंदाज कृतिका ने चीनी ताइपे में आयोजित एशियन विश्वविद्यालय तीरंदाजी चैंपियनशिप में रजत पदक भारत के नाम किया

By: PalPal India News
September 2, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर की तीरंदाज कृतिका ने चीनी ताइपे में आयोजित दूसरी एशियन विश्वविद्यालय तीरंदाजी चैंपियनशिप में रजत पदक भारत के नाम किया। कृतिका ने 2016 में करियर की शुरुआत की थी जिसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदक जीते। फाइनल में कृतिका को मेजबान चीनी ताइपे की तीरंदाज वेंग जिंग रौन ने 7-1 से हराया।

रविवार को चैंपियनशिप के तीसरे व आखिरी दिन महिला वर्ग की रिकर्व इवेंट में मेजबान चीनी ताइपे की तीरंदाज वेंग जिंग रौन ने निर्णायक मुकाबले में कृतिका को 7-1 स्कोर के अंतर से हराया। हालांकि लगातार दूसरे दिन जबलपुर के धनुर्धरों ने देश के लिए दूसरा पदक हासिल कर लिया। इससे पहले एशियन गेम्स की रजत पदक विजेता मुस्कान किरार ने शनिवार को कंपाउंड इवेंट में भारत को कांस्य पदक दिलाया था।

कृतिका ने अपने तीरंदाजी करियर की शुरुआत 2016 में की थी। उन्होंने स्थानीय रानीताल खेल परिसर स्थित मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी में प्रवेश पाया। अकादमी के मुख्य कोच रिचपाल सिंह सलारिया ने इस उदीयमान तीरंदाज की प्रतिभा का बखूबी आकलन करते हुए प्रशिक्षण दिया और नतीजा सबके सामने है। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की इस तीरंदाज ने कोच व उनके सहयोगी स्टाफ में शामिल अशोक यादव, रवि प्रधान व रश्मि सिंह के मार्गदर्शन में अनेक राष्ट्रीय टूर्नामेंट खेले और प्रदेश के लिए पदक जीते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *