जबलपुर-दमोह रोड पर गोवंशों से भरा ट्रक पलटा, कई गोवंशों की हुई मौत

By: PalPal India News
December 30, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर से दमोह की ओर जा रहा गोवंश से भरे ट्रक बोरिया ग्राम के पास पलट गया। इस हादसे में कई गोवंशों की मौत हो गई, जबकि कुछ घायल हो गए। घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत कंटगी थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से ट्रक से गोवंशों को बाहर निकाला। एक्सीडेंट के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल और मृत गोवंशों को ट्रक से बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे जबलपुर से कटंगी की ओर एक तेज रफ्तार ट्रक जा रहा था। जैसे ही ट्रक बोरिया गांव के पास पहुंचा, वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक और कंडक्टर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक में लगभग 35 से अधिक गोवंश भरे हुए थे, जिन्हें दमोह की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह जांच रही है कि ट्रक किसका था और गोवंशों को कहां ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि, ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि एक ट्रक सड़क किनारे पलट गया है। जिसमें गोवंश भरे हुए थे। मौके पर पशु विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया है। अभी तक कितने गोवंशों की मौत हो चुकी है, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

HIGHLIGHTS

  • जबलपुर-दमोह रोड पर गोवंशों से भरा ट्रक पलटा
  • कई गोवंशों की मौत
  • मौके से ड्राइवर और कंडक्टर फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *