पुंछ: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय सेना ने घुसपैठ की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। गुरुवार शाम को लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर हुई मुठभेड़ में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया, जबकि एक आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) वापस भागने में सफल रहा।
सूत्रों के मुताबिक, तीन आतंकवादियों ने पुंछ के खारी करमारा सेक्टर से भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की। हालांकि, भारतीय सेना की सतर्कता के चलते तुरंत जवाबी कार्रवाई की गई और मुठभेड़ शुरू हो गई। इस ऑपरेशन में दो आतंकियों को मार गिराया गया, जबकि तीसरा आतंकी बचकर भाग निकला।
घुसपैठ की यह कोशिश ऐसे समय में हुई जब खुफिया एजेंसियों ने संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी किया था। इसी के चलते सुरक्षा बलों ने डोडा और कठुआ में तलाशी अभियान तेज कर दिया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, आतंकियों के ऊंचाई वाले इलाकों से नीचे आने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थीं।